
24 News Live की खबर का असर, तीसरे दिन ही बनने लगी 3.58 करोड़ की जर्जर PMGSY सड़क।
औरंगाबाद में 24 News Live की खबर का बड़ा असर हुआ है। PMGSY की 3.58 करोड़ की जर्जर सड़क की खबर दिखाने के तीसरे दिन ही सड़क की मरम्मत शुरू हो गई है। JCB से झाड़ियां साफ की जा रही हैं और मजदूर गड्ढे भर रहे हैं।
औरंगाबाद जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की एक सड़क ने सरकार के विकास के दावों की पोल खोल दी थी। 3.58 करोड़ की लागत से बनी सड़क दो साल में ही जर्जर हो गई थी। बोर्ड पर 57 लाख के मेंटेनेंस का दावा था, लेकिन जमीन पर काम शून्य था।
मामला औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ से मखरा भाया महुआँव, खरांटी होते हुए महुआँव तक जाने वाली 7.700 KM लंबी सड़क का है, जिसका निर्माण PMGSY फेज-3 के तहत किया गया था।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार सड़क का निर्माण 2023 में पूरा हुआ था, लेकिन रख-रखाव के अभाव में जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए थे। महुआँव के पास की गई PCC ढलाई का कंक्रीट उखड़ गया था, जिससे आए दिन बाइक सवार हादसे का शिकार हो रहे थे।
*24 News Live की खबर का असर -*
24 News Live ने 19 अक्टूबर 2026 को इस सड़क की बदहाली को प्रमुखता से दिखाया। खबर प्रकाशित होते ही जिला प्रशासन और ग्रामीण कार्य विभाग हरकत में आ गया।
खबर के तीसरे दिन ही संवेदक द्वारा सड़क की मरम्मत शुरू कर दी गई। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि JCB मशीन से सड़क किनारे उगी झाड़ियों और घास की सफाई की जा रही है, वहीं ट्रैक्टर और मजदूरों द्वारा गिट्टी और पिच डालकर गड्ढों को भरा जा रहा है।
मरम्मत शुरू होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने 24 News Live का आभार जताया है और मांग की है कि मेंटेनेंस का काम गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।