
प्रेम संबंधों में बाधक बने पति की हत्या, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
**बाड़मेर।** प्रेम संबंधों में बाधक बन रहे पति की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है, जबकि प्रेमी को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
डीएसपी रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि 4 जून को महेशाराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके भाई तेजाराम का शव मालपुरा फांटा के आगे एक सुनसान खेत में स्थित टांके में मिला है। परिजनों ने मृतक की पत्नी नेतल और उसके प्रेमी गुमानसिंह पर हत्या का संदेह जताया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की।
सदर थाना पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक तेजाराम की पत्नी नेतल और गुमानसिंह के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। इस बात की जानकारी तेजाराम को होने पर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। दोनों आरोपियों ने तेजाराम को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार तेजाराम जालोर जिले के चितलवाना क्षेत्र में मजदूरी करता था। 3 जून को योजना के तहत उसे बाड़मेर बुलाया गया। यहां गुमानसिंह ने उसके साथ शराब पार्टी की। इसके बाद नशे की हालत में उसे थ्री-व्हीलर टैक्सी से सुनसान इलाके में स्थित टांके तक ले जाकर उसमें डाल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। अगले दिन खेत मालिक ने टांके में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर मृतक का बैग और मोबाइल भी मिला। मोबाइल बंद था। पुलिस ने मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की, जिससे हत्या की साजिश का खुलासा हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने गुमानसिंह को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा, जबकि पत्नी नेतल को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला सोशल मीडिया पर सक्रिय है और उसके इंस्टाग्राम पर करीब 42 हजार फॉलोअर्स हैं। मामले की जांच जारी है तथा पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।