
औरंगाबाद में हथियार से मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, देशी कट्टा और 3 जिंदा कारतूस बरामद।
औरंगाबाद जिले के माली थाना क्षेत्र में अवैध हथियार का भय दिखाकर घर में मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से 01 देशी कट्टा और 03 जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
घटना के संबंध में बताया गया कि दिनांक 17.10.2026 को रात्रि 09:00 बजे माली थाना में प्रतिनियुक्त डायल-112 टीम को सूचना मिली कि ग्राम-करहरी में रंजीत राम अवैध हथियार का भय दिखाकर अपने ही घर में मारपीट कर रहा है।
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई हेतु औरंगाबाद पुलिस की टीम जब ग्राम-करहरी पहुंची तो रंजीत राम हाथ में एक देशी कट्टा लहराते हुए पाया गया। पुलिस बल के सहयोग से उसे पकड़ा गया। तलाशी के क्रम में उसके पास से 03 जिंदा कारतूस और 01 देशी कट्टा बरामद किया गया। बरामद हथियार को विधिवत जब्त कर रंजीत राम को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार अभियुक्त ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और बताया कि घर में आपसी विवाद को लेकर उसने हथियार का भय दिखाकर मारपीट की थी।
इस संबंध में माली थाना कांड संख्या-201/26, दिनांक-17.10.2026, धारा-25(1-बी)ए/26 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत कांड दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।