Public App Logo
सरदारशहर। मेगा हाईवे रोड स्थित बुलकसर फांटा पर नशे के अवैध कारोबार एवं अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अवैध होटल व ढाबों को हटाया। जिला पुलिस अधीक्षक चूरू निश्चय प्रसाद एम. के निर्देश पर पुलिस ने नगरपरिषद सरदारशहर के सहयोग से यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार पुलिस मुख्यालय जयपुर द्वारा आर्म्स एक्ट, संगठित अपराध, गैंगस्टर, लूट, हत्या, चोरी नकबजनी, नशे की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चूरू सुनील कुमार आरपीएस व पुलिस उप अधीक्षक सरदारशहर कुलदीप वालिया आरपीएस के सुपरविजन में थानाधिकारी पुलिस थाना सरदारशहर धीरेंद्र सिंह शेखावत पु.नि. के नेतृत्व में टीम द्वारा बुलकसर फांटा क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि सरदारशहर-पल्लू रोड स्थित बुलकसर फांटा पर तीन-चार अवैध अस्थाई ढाबे बने हुए हैं, जहां नशीले पदार्थों की बिक्री एवं सेवन करवाया जा रहा है। इस स्थान पर आसपास के गांवों व कॉलोनियों के लोग आवागमन करते हैं तथा पास ही गांधी विद्या मंदिर जैसा बड़ा शिक्षण संस्थान भी स्थित है, जहां हजारों विद्यार्थी अध्ययन के लिए आते हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। इस दौरान चार युवकों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। इसके बाद नगरपरिषद सरदारशहर से संपर्क कर जेसीबी की मदद से बुलकसर फांटा पर बने तीन-चार अस्थाई ढाबों को हटाया गया। ढाबा संचालकों को अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करें और अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि, नशा तस्करी या अवैध कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। #tharkiawaazajay #churu #ChuruPolice #RajasthanPolice #sardarshahar - Churu News