
जनसंख्या स्थिरीकरण समाज की साझा जिम्मेदारी, इसे जनआंदोलन बनाएं : डीएम
सीतामढ़ी, शुक्रवार। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 जुलाई से 31 जुलाई तक आयोजित जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को जिला स्वास्थ्य समिति, सीतामढ़ी द्वारा परिवार नियोजन सेवाओं का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में जननी मोबियस फाउंडेशन की आकार योजना का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। इस अवसर पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम एवं रैली में लगभग 200 एएनएम, जीएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संयुक्त उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय, सिविल सर्जन डॉ. आर.के. यादव एवं जिला संचारी रोग पदाधिकारी (एसीएमओ) डॉ. जेड. जावेद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय ने कहा कि जनसंख्या स्थिरीकरण केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बिहार की कुल प्रजनन दर (टीएफआर) 2.7 है, जो राष्ट्रीय औसत से अधिक है। इसे नियंत्रित करने के लिए परिवार नियोजन के प्रति व्यापक जनजागरूकता, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से अपील की कि वे प्रत्येक योग्य दंपति तक परिवार नियोजन संबंधी सही जानकारी एवं सेवाएं पहुंचाकर इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दें।
सिविल सर्जन डॉ. आर.के. यादव ने कहा कि स्वस्थ परिवार ही विकसित समाज की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी दोनों साधनों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पहला गर्भधारण 20 वर्ष की आयु के बाद तथा दो बच्चों के जन्म के बीच कम-से-कम तीन वर्ष का अंतर रखना मां और शिशु दोनों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आने के साथ-साथ परिवार का सामाजिक एवं आर्थिक विकास भी सुनिश्चित होता है।
कार्यक्रम में पीरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम डायरेक्टर श्री परिमल झा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री असित रंजन, डीएम एंड ई श्री संतोष कुमार, डीपीसी श्री दिनेश कुमार, प्रतीक कुमार, बीसीएम श्री सुजीत कुमार, किशन कुमार, राहुल कुमार, जननी मोबियस फाउंडेशन के रीजनल मैनेजर श्री दीपक कुमार सिन्हा, जिला प्रबंधक श्री चंद्रमा प्रसाद, पीरामल फाउंडेशन से प्रोग्राम डायरेक्टर परिमल झा, प्रभाकर कुमार, दुर्गा प्रसाद, श्री रोहित कुमार, अकरम खान एवं श्री विक्रम कुमार, गांधी फेलो विक्रांत एवं रुचि, पीएसआई इंडिया से श्री विनय कुमार सहित जिला स्वास्थ्य समिति, जननी मोबियस फाउंडेशन एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में लगभग 200 एएनएम, जीएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को छोटा परिवार–सुखी परिवार, सुरक्षित मातृत्व, जन्मांतराल, आधुनिक परिवार नियोजन साधनों तथा जिम्मेदार अभिभावकत्व के प्रति जागरूक किया गया। सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा के दौरान अधिक से अधिक पात्र दंपतियों तक परिवार नियोजन संबंधी परामर्श एवं सेवाएं पहुंचाकर अभियान को सफल बनाया जाएगा।