
*गोईलकेरा +2 उच्च विद्यालय में PTM बैठक, बालिका छात्रावास की मांग प्रमुखता से उठी*
+2 उच्च विद्यालय गोईलकेरा के कॉमन हॉल में बुधवार को विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के अध्यक्ष पातोर जोंको की अध्यक्षता में अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) आयोजित हुई। बैठक में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, ड्रॉपआउट विद्यार्थियों को पुनः विद्यालय से जोड़ने, कक्षाओं की नियमितता, शिक्षकों द्वारा नियमित कक्षा संचालन, कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग तथा विद्यार्थियों में अनुशासन बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में अभिभावकों ने विद्यालय में बालिका छात्रावास की व्यवस्था की मांग को प्रमुखता से उठाया। अभिभावकों ने बताया कि दूर-दराज एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्राएं विद्यालय में पढ़ने आती हैं। छात्रावास की सुविधा नहीं होने के कारण कई छात्राएं मजबूरी में किराये के कमरों में रहकर पढ़ाई कर रही हैं, जिससे गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। साथ ही छात्राओं की सुरक्षा और नियमित पढ़ाई को लेकर भी अभिभावकों में चिंता बनी रहती है।
अभिभावकों ने कहा कि विद्यालय में बालक छात्रावास उपलब्ध है, जबकि छात्राओं के लिए भी आवासीय सुविधा की अत्यंत आवश्यकता है। बैठक में बालिका छात्रावास की स्थापना को विद्यालय की प्राथमिक आवश्यकता मानते हुए संबंधित विभाग एवं सक्षम पदाधिकारियों के समक्ष प्रस्ताव रखने पर सहमति बनी।
SMC अध्यक्ष पातोर जोंको ने कहा कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, ड्रॉपआउट रोकना, अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा छात्राओं के लिए सुरक्षित एवं सुगम शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना विद्यालय प्रबंधन समिति की प्राथमिकताओं में शामिल है। बैठक में विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावक, शिक्षक और SMC के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में मुख्य रूप से SMC के उपाध्यक्ष सुसारी कमारगांव, सावित्री देवी, प्रधानाचार्य अनुज कुमार रजक, मिराज परवेज, गंगाराम कुमार, हिना परवीन, डिम्बू सुरिन, लाल मोहन ठाकुर, सुरेश बोदरा आदि विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं, SMC के सदस्याएं, अभिभावक एवं माता-पिताएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।