
-#भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने अर्पित किए पुष्पांजलि…
-#ब्राइट #न्यूज #शिमला
-#भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर हिमाचल प्रदेश में उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज लोक भवन, शिमला में अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की, जबकि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला के रिज मैदान पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का देश के इतिहास में विशिष्ट और अमिट स्थान है। वह दूरदर्शी राजनेता, ओजस्वी वक्ता और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले महान व्यक्तित्व थे। उनकी सादगी, राजनीतिक सूझबूझ और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता ने उन्हें सभी राजनीतिक दलों में सम्मान दिलाया।
-#राज्यपाल ने कहा कि वाजपेयी ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और सहमति की राजनीति को सदैव महत्व दिया। राष्ट्रहित को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर रखने की उनकी सोच आज भी सार्वजनिक जीवन के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि वाजपेयी का मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का सपना आज भी प्रासंगिक है। राज्यपाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का हिमाचल प्रदेश से विशेष लगाव था। मनाली और प्रीणी के साथ उनके आत्मीय संबंध प्रदेश की सामूहिक स्मृतियों का हिस्सा हैं।
-#मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि वाजपेयी सबको साथ लेकर चलने की राजनीति में विश्वास रखते थे। उन्होंने देश और हिमाचल प्रदेश के विकास में उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व और विचार हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे। इस दौरान सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के कलाकारों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।
-#कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेन्द्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, हिमुडा उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, पार्षदगण, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।