#भरतपुर। जिले के नदबई में मकान बनवाने के नाम पर 10 लाख रुपए की ठगी और फिर कोर्ट में केस करने पर पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। नदबई के पंजाबी मोहल्ला निवासी सुरजीत सिंह ने इस्तगासे के जरिए नदबई थाने में मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट के अनुसार, अलवर जिले के तिजारा निवासी गुरुदीप, रणजीत सिंह और शांता बाई ने मकान निर्माण का भरोसा देकर पीड़ित से 10 लाख रुपए ऐंठ लिए, लेकिन काम नहीं कराया। इसके बाद आरोपियों द्वारा दिए गए चेक भी बैंक में बाउंस हो गए। पीड़ित ने जब न्यायालय में चेक बाउंस का केस दर्ज कराया, तो आरोपी नाराज हो गए और पिछले एक महीने से अलग-अलग नंबरों से फोन कर पीड़ित व उसके पूरे परिवार को जान से मारने, बदनाम करने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां दे रहे हैं, जिससे पीड़ित का परिवार गंभीर मानसिक तनाव में है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।