छतरपुर में विसर्जन जुलूस के दौरान हादसा, पटाखा फटने से 13 वर्षीय छात्र गंभीर घायल
छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नवदुर्गा विसर्जन जुलूस के दौरान आतिशबाजी की चपेट में आने से 13 वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। छात्र के सिर और आंख में चोटें आई हैं। उसे जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, नरसिंहगढ़ पुरवा निवासी कोमल लखेरा का बेटा नीतेश लखेरा कक्षा आठवीं का छात्र है। वह घर में पूजा के लिए पान लेने बाजार जा रहा था। इसी दौरान विसर्जन जुलूस में छोड़ा गया पटाखा उसके सिर से टकराकर फट गया।
हादसे में छात्र के सिर पर गंभीर चोट आई और बारूद आंख में जाने की आशंका है। वरिष्ठ सर्जन डॉ. मनोज चौधरी के अनुसार, छात्र का सीटी स्कैन और आंखों की विशेष जांच कराई जा रही है। घटना के बाद सार्वजनिक आयोजनों में आतिशबाजी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
#MPCGExpress #HindiNews #MPNews #chhatrpur #mpnews