
**वाराणसी में क्रिकेटर आकाशदीप ने अक्षिता राज संग लिए सात फेरे**
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप बुधवार को विवाह बंधन में बंध गए। उनका विवाह समारोह वाराणसी के नदेसर स्थित ताज होटल में अक्षिता राज के साथ संपन्न हुआ। इस खास अवसर के लिए होटल के गुलाबबाड़ी परिसर में काशी की सांस्कृतिक झलक को दर्शाता भव्य मंडप सजाया गया था, जहां दोनों परिवारों के सदस्य, रिश्तेदार और करीबी मित्र मौजूद रहे।
इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम की व्यस्तता के कारण आकाशदीप के कई साथी क्रिकेटर समारोह में शामिल नहीं हो पाए। हालांकि, मुंबई में आयोजित होने वाले स्वागत समारोह में उनके पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
आकाशदीप और अक्षिता, दोनों बिहार के रोहतास जिले के सासाराम क्षेत्र से संबंध रखते हैं। विवाह से जुड़ी पारंपरिक रस्में दिन में सासाराम में पूरी की गईं। इसके बाद शाम को आकाशदीप बारात लेकर वाराणसी पहुंचे, जहां वधु पक्ष ने द्वारपूजा की रस्म निभाकर बारातियों का स्वागत किया।
रातभर चले विवाह समारोह में जयमाल और अन्य वैवाहिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस आयोजन में करीब 350 मेहमान शामिल हुए। अतिथियों के लिए तैयार किए गए विशेष भोज में बनारसी व्यंजनों को भी प्रमुखता से शामिल किया गया था। विवाह से पूर्व तिलक समारोह दो दिन पहले सासाराम में आयोजित किया गया था।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही बिहार सरकार ने आकाशदीप को पुलिस विभाग में डिप्टी एसपी पद की जिम्मेदारी सौंपी है। विवाह से पहले उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से बातचीत कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं, जगद्गुरु रामभद्राचार्य का भी उन्होंने ऑनलाइन आशीर्वाद लिया। समारोह में भोजपुरी फिल्म जगत के लोकप्रिय गायक एवं अभिनेता पवन सिंह की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रही।
The silence media news #thesilencemedianews #akashdeepshadi #cricketerakashdeep #AkshitaRaj #Akashdeep #सासाराम