
एयरपोर्ट विस्तार ने पकड़ी रफ्तार, सड़क के लिए 20 मीटर भूमि अधिग्रहण शुरू, भूस्वामियों को मिलेगा चौगुना मुआवजा।
बगहा/वाल्मीकिनगर:- वाल्मीकिनगर एयरपोर्ट के नवीनीकरण एवं विस्तार परियोजना को लेकर जिला प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। शनिवार को वाल्मीकिनगर पंचायत भवन में विशेष कैंप लगाकर एयरपोर्ट से सटे क्षेत्र के भूस्वामियों से भूमि संबंधी कागजात एकत्र किए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट के मुख्य द्वार से दक्षिण दिशा की ओर जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण के लिए 20 मीटर अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है, जिसके अधिग्रहण की प्रक्रिया अब शुरू कर दी गई है। कैंप में वरीय उपसमाहर्ता अली अहमद अंसारी, भू-अर्जन अपर समाहर्ता राकेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी, बगहा-दो के अंचलाधिकारी मोहम्मद वसीम अकरम तथा राजस्व कर्मचारी राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भूस्वामियों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर भूमि अधिग्रहण की औपचारिकताएं पूरी की। वरीय उपसमाहर्ता अली अहमद अंसारी ने बताया कि सरकार की क्रय नीति के तहत अधिग्रहित भूमि के बदले भूस्वामियों को निर्धारित दर का चौगुना मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट परियोजना के लिए लगभग 73 एकड़ भूमि उपलब्ध है, जबकि विस्तार कार्यों के लिए अभी करीब 12 से 18 एकड़ अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है। इसी दिशा में अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। एसडीएम चांदनी कुमारी ने बताया कि एयरपोर्ट के दक्षिण दिशा में नए टर्मिनल भवन का निर्माण प्रस्तावित है। सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रभावित भू-स्वामियों की सहमति प्राप्त हो चुकी है, जिसके बाद यह कैंप आयोजित किया गया। इधर, 13 जुलाई से वाल्मीकिनगर से पटना के लिए विमान सेवा शुरू होने की चर्चाओं के बीच एसडीएम ने कहा कि फिलहाल प्रशासन को इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। आधिकारिक जानकारी मिलते ही इसे सार्वजनिक किया जाएगा। हालांकि संभावित विमान सेवा की खबर से स्थानीय लोगों में उत्साह और एयरपोर्ट के शीघ्र विकसित होने की उम्मीद बढ़ गई है।