
पत्नी की हत्या की साजिश नाकाम, गला रेतकर गहरी खाई में फेंका; तीन आरोपी आधे घंटे में गिरफ्तार
सोलन। सोलन के सदर थाना क्षेत्र के देहूंघाट में पत्नी की हत्या की कथित साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के करीब आधे घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को नगाली के पास गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी दलीप कुमार अपनी पत्नी मोनिका को उत्तर प्रदेश से घूमने के बहाने सोलन लाया था। यहां उसने अपने भाई शिवम और दोस्त मदन कुमार के साथ मिलकर सुनसान स्थान पर महिला के गले पर चाकू से हमला किया। इसके बाद आरोपियों ने उसे लगभग 80 से 100 मीटर गहरी खाई में धक्का दे दिया।
गंभीर रूप से घायल महिला झाड़ियों के सहारे किसी तरह बाईपास सड़क तक पहुंची, जहां स्थानीय लोगों ने उसे देखा और तुरंत सिविल अस्पताल सोलन पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर पुलिस थाना सदर सोलन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
#Solan #CrimeNews #HimachalNews #PoliceAction #BreakingNews #IGMC #Shimla #UTHimachal