
⬇️पिथौरागढ़ को लगातार दूसरी बार मिला सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय छात्र महासंघ का नेतृत्व , ABVP का दबदबा⬇️
पिथौरागढ़: लक्ष्मण सिंह महर परिसर, पिथौरागढ़ से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के अधिकृत विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के प्रत्याशी रहे दिवस ओझा को सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय छात्र महासंघ का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। उनके निर्वाचन के साथ ही पिथौरागढ़ को लगातार दूसरी बार विश्वविद्यालय छात्र महासंघ के नेतृत्व की जिम्मेदारी मिली है।
दिवस ओझा ने छात्रसंघ चुनाव में पिथौरागढ़ परिसर में अपने प्रतिद्वंद्वी नीरज कुमार को बड़े अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की थी। इसके बाद विश्वविद्यालय स्तर पर उनका निर्विरोध छात्र महासंघ अध्यक्ष चुना जाना उनके राजनीतिक सफर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
दिवस ओझा पिछले चार वर्षों से परिसर में सक्रिय रहकर छात्र-छात्राओं की समस्याओं को उठाते रहे हैं। प्रवेश, परीक्षा और परीक्षा परिणामों से संबंधित मुद्दों पर उनकी सक्रियता भी चर्चा में रही है।
उनके निर्विरोध निर्वाचन पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इनमें महापौर कल्पना देवलाल, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी और पूर्व विधायक चंद्रा पंत समेत अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हैं।