
सांसद कालीचरण सिंह ने पांकी कस्तूरबा विद्यालय में छात्राओं को बांटी सिलाई मशीन
पांकी (पलामू)। पीएम श्री कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, पांकी में बुधवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह ने छात्राओं के बीच सिलाई मशीनों का वितरण किया। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास और आत्मनिर्भरता से जोड़ना है।
विद्यालय पहुंचने पर सांसद का छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने स्वागत किया। इस दौरान छात्राओं ने स्वागत गीत और लोकनृत्य सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
सांसद कालीचरण सिंह ने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ रोजगारपरक कौशल सीखना भी जरूरी है। सिलाई मशीन छात्राओं को हुनर सीखने और भविष्य में स्वावलंबी बनने में मदद करेगी।
कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद ने कहा कि बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ हुनर देना क्षेत्र के विकास के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। विद्यालय की ओर से कहा गया कि सिलाई मशीन उपलब्ध होने से छात्राओं को वोकेशनल ट्रेनिंग में काफी सुविधा मिलेगी।
मौके पर उप प्रमुख अमित चौहान, विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र यादव, सांसद प्रतिनिधि सत्य प्रकाश पांडेय, सुरेंद्र सिंह, अक्षय कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Panki, Palamu | Oct 8, 2026