
रेवाबाग से फरार शराब तस्कर गिरफ्तार, 63 बल्क लीटर अवैध शराब मामले में आबकारी विभाग की कार्रवाई
देवास। अवैध मदिरा के संग्रहण और विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया के मार्गदर्शन में विभाग ने रेवाबाग से फरार चल रहे आरोपी कन्हैयालाल चौहान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आबकारी विभाग के अनुसार, 03 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर रेवाबाग स्थित कन्हैयालाल चौहान के बाड़े में दबिश दी गई थी। कार्रवाई के दौरान वहां से 4 पेटी देशी मदिरा मसाला और 3 पेटी देशी मदिरा प्लेन, कुल 63 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई थी। हालांकि, आरोपी मौके से फरार हो गया था।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। लगातार तलाश के बाद 08 जुलाई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, मुख्य आरक्षक दीपक धुरिया, आरक्षक निहाल खत्री और दीपक तटवाड़े सहित विभागीय टीम शामिल रही। आबकारी विभाग ने कहा है कि अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।