
पीएम आवास किराये पर देने वालों पर सख्ती, आवंटन निरस्त होगा: आयुक्त
सिंगरौली: नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने सोमवार को गनियारी स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना परिसर का निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिक्त पड़े आवासों का शीघ्र सत्यापन कर उन्हें पात्र एवं जरूरतमंद हितग्राहियों को आवंटित किया जाए, ताकि योजना का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंच सके।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और पहुंच मार्ग की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए नियमित सफाई, नालियों की देखरेख, स्ट्रीट लाइट व खराब विद्युत उपकरणों की मरम्मत तथा पेयजल आपूर्ति सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य सड़क की मरम्मत जल्द पूरी कराने को भी कहा।
इस दौरान यह भी सामने आया कि कुछ हितग्राहियों ने अपने आवास किराये पर दे दिए हैं या स्वयं उनमें निवास नहीं कर रहे हैं। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए आयुक्त ने ऐसे मामलों की जांच कर दोषी हितग्राहियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आवंटन निरस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए है और नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण में डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस, सहायक आयुक्त ज्योति सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।