
मानगो में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, स्वर्णरेखा किनारे चार मकान ध्वस्त; कार्रवाई पर उठे सवाल
जमशेदपुर। मानगो के संकोसाई क्षेत्र में शुक्रवार को अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। स्वर्णरेखा नदी से सटे कुंवर बस्ती इलाके में चार मकानों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम के साथ भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
प्रशासन के मुताबिक, नदी क्षेत्र से सटे इन मकानों को लेकर पहले ही संबंधित लोगों को नोटिस दिया गया था। नोटिस के बावजूद निर्माण नहीं हटाए जाने पर शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। जेसीबी की मदद से चारों मकानों को गिरा दिया गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए इलाके में तनाव की स्थिति भी बनी रही। हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी के कारण स्थिति को नियंत्रण में रखा गया और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
प्रशासन की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि यदि नदी क्षेत्र या सरकारी जमीन पर अतिक्रमण हुआ है तो उसे हटाया जाना चाहिए, लेकिन कार्रवाई सभी के खिलाफ एक समान होनी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मानगो क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी के आसपास कई बड़े भवन और व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी कथित तौर पर नदी क्षेत्र या सरकारी जमीन पर बने हुए हैं। लोगों का सवाल है कि अगर अतिक्रमण हटाना प्रशासन की प्राथमिकता है, तो बड़े निर्माणों की भी निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई क्यों नहीं की जाती।
लोगों ने यह भी कहा कि जिन परिवारों के मकान तोड़े गए हैं, उनके सामने अब रहने की समस्या खड़ी हो गई है। उनका कहना है कि प्रशासन को अतिक्रमण हटाने के साथ प्रभावित परिवारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था या पुनर्वास पर भी विचार करना चाहिए।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे मानगो क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी से जुड़े अतिक्रमण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाए, वहां बिना भेदभाव के कार्रवाई होनी चाहिए।
चार मकानों पर हुई कार्रवाई के बाद मानगो में नदी क्षेत्र के अतिक्रमण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब देखना होगा कि प्रशासन आगे स्वर्णरेखा नदी के किनारे अन्य कथित अतिक्रमणों के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई करता है या नहीं।
#Jamshedpur #Mango #Sankosai #SwarnarekhaRiver #Encroachment #BulldozerAction #JamshedpurNews #JharkhandNews #MangoNews #ChhotanagpurLive