
बलिया में जल जीवन मिशन के तहत गांव-गांव तक पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई ग्रामीण सड़कों को अब दुरुस्त किया जाएगा। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) की ओर से 1 अक्टूबर 2026 से प्रदेशभर में वृहद रोड रेस्टोरेशन अभियान शुरू किया जा रहा है। बलिया में अभियान के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई और अब तक मरम्मत से वंचित 169 किलोमीटर सड़कों का पुनर्स्थापना कार्य कराया जाएगा।
अधिशासी अभियंता पीके वर्मा के मुताबिक, जिले में जल जीवन मिशन के तहत पेयजलापूर्ति के लिए कुल 9,995 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है। पाइपलाइन डालने के लिए 2,586 किलोमीटर सड़कों की खुदाई करनी पड़ी थी। इनमें से 2,417 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत और दुरुस्तीकरण का काम पूरा हो चुका है, जबकि 169 किलोमीटर सड़कें अभी भी मरम्मत का इंतजार कर रही हैं।
जल निगम ने इन शेष सड़कों को चिह्नित कर लिया है। अभियान के दौरान इन सड़कों की मरम्मत और पुनर्स्थापना का काम कराया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।
अगर किसी गांव में पाइपलाइन बिछने के बाद सड़क अब तक दुरुस्त नहीं हुई है तो ग्रामीण जल सारथी ऐप के जरिए इसकी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ऐप में ‘सड़क पुनर्स्थापना/मरम्मत अभियान’ विकल्प चुनकर नाम, गांव और पूरा पता दर्ज करना होगा। शिकायत के साथ सड़क की स्थिति का फोटो और वीडियो भी अपलोड किया जा सकेगा।
प्राप्त शिकायतों को संबंधित अधिकारियों तक भेजा जाएगा और कार्रवाई की निगरानी उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) मुख्यालय स्तर से की जा रही है। विभाग के अनुसार अभियान के दौरान चिन्हित सड़कों का पुनर्स्थापना कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) की ओर से वर्तमान में बलिया के 317 गांवों में पेयजलापूर्ति की जा रही है। बाकी गांवों में भी घर-घर पानी पहुंचाने की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से जारी है।
जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइनों के साथ सड़कों की स्थिति का विवरण भी विभाग ने संकलित किया है। पेयजल योजना से जुड़ी शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर और जल समाधान ऐप समेत कई माध्यम उपलब्ध हैं। वहीं, सड़क से संबंधित शिकायतों के लिए रोड रेस्टोरेशन अभियान के तहत जल सारथी ऐप पर विशेष सुविधा दी गई है।
#Balliakhabar #UttarPradesh #UPNews #RoadRestoration #roadrepairs #RuralRoads #jaljeevanmissionindia #drinkingwater #watersupply #RuralDevelopment #upjalnigam #villageroads #BalliaUpdates