
रेत माफियाओं के खिलाफ सख्त अभियान, 200 ट्रॉली रेत पर चला जेसीबी
मुरैना जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सबलगढ़ पुलिस और राजस्व विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर जिलेभर में रेत माफियाओं के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं प्रभारी एसडीओपी सबलगढ़ उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में शनिवार को थाना सबलगढ़ पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ग्राम रहू पहुंची। यहां विभिन्न स्थानों पर अवैध रूप से भंडारित रेत का निरीक्षण किया गया, जहां करीब 200 ट्रॉली (लगभग 400 घनमीटर) रेत अवैध रूप से संग्रहित मिली।
संयुक्त टीम ने मौके पर दो जेसीबी मशीनों की सहायता से अवैध रूप से भंडारित रेत को मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया। नष्ट की गई रेत की अनुमानित कीमत करीब 4.40 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
#MorenaPolice #SandMafia #IllegalMining #Sabalgarh #MorenaNews #Chambal #PoliceAction #MadhyaPradeshNews #BreakingNews #MorenaUpdate