
मुरैना में अवैध चंबल रेत पर देर रात कलेक्टर-SP की सख्ती, 3.5 घंटे तक गांवों और चौकियों का किया निरीक्षण
मुरैना। चंबल नदी से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ और पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने मंगलवार देर रात करीब साढ़े तीन घंटे तक चंबल नदी क्षेत्र से जुड़े गांवों और मार्गों का भ्रमण किया। दोनों अधिकारियों ने रात 11 बजे से 2:30 बजे तक मौके पर रहकर अवैध रेत परिवहन की स्थिति का जायजा लिया।
कलेक्टर और एसपी ने मुरैना जनपद के नायकपुरा, सराय का पुरा, कुल्हाड़ा, गडोरा सहित आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान चंबल नदी क्षेत्र से जुड़े रास्तों और SAF चौकियों का भी जायजा लिया गया।
SAF चौकियों को दिए सख्त निर्देश
अधिकारियों ने चौकियों पर तैनात पुलिस और SAF जवानों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि चंबल नदी क्षेत्र से रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली अथवा अन्य वाहन आने की स्थिति में उन्हें तत्काल रोककर जांच की जाए।
वन नाका चौकी पर कलेक्टर और एसपी ने वन विभाग तथा SAF फोर्स के अधिकारियों-कर्मचारियों को ब्रीफिंग भी दी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बिना वैध दस्तावेज या अवैध रेत परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
सिर्फ सर्चिंग नहीं, आवाजाही पर भी नजर
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्रवाई केवल सर्चिंग तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि चंबल नदी क्षेत्र से रेत के अवैध परिवहन की आवाजाही को प्रभावी रूप से नियंत्रित किया जाए। इसके लिए SAF चौकियों को और मजबूत करने तथा लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि चंबल नदी क्षेत्र से जुड़े मार्गों पर आने-जाने वाले वाहनों की नियमित जांच की जाए। अवैध उत्खनन या परिवहन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
प्रशासन और पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि चंबल नदी से अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन और इसमें संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।