
देहरादून: मासूम शर्मा के कार्यक्रम पर विवाद थमा.
देहरादून। हरियाणवी कलाकार #मासूमशर्मा के एक अक्टूबर को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर चल रहा विवाद बातचीत के बाद फिलहाल थम गया है। #क्रिकेट #एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड #सीएयू के अध्यक्ष #दीपकमेहरा और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित डोभाल ने बुधवार को मूल निवास, भू-कानून संघर्ष समिति की कोर समिति के साथ बैठक की। सीएयू ने कार्यक्रम स्थगित करने के लिए प्रदर्शन न करने का अनुरोध किया, लेकिन समिति ने स्पष्ट किया कि उसकी पहली मांग कार्यक्रम रद करने की है।
समिति के अनुसार, सीएयू अधिकारियों ने बताया कि कलाकार को कार्यक्रम की आधी पेमेंट पहले ही की जा चुकी है। ऐसे में इस समय कार्यक्रम पूरी तरह रद करना संभव नहीं है। इसके बाद समिति ने अपनी शर्तें रखीं, जिन पर सहमति बनी।
समिति के मुताबिक, मासूम शर्मा को कार्यक्रम के मंच से उत्तराखंड की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी। भविष्य में मंच से गाली-गलौज और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। उत्तराखंड की धरती पर फूहड़ और आपत्तिजनक गीत प्रस्तुत नहीं किए जाएंगे। समिति की ओर से सीएयू को एक लिखित पत्र दिया जाएगा, जिसे कार्यक्रम के मंच से सार्वजनिक रूप से पढ़ा जाएगा।
इसके अलावा भविष्य के कार्यक्रमों में उत्तराखंड के स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने पर भी सहमति बनी है। समिति का कहना है कि सीएयू ने उसकी सभी मांगें स्वीकार कर ली हैं।
कलाकारों का विरोध नहीं, आपत्तिजनक भाषा पर आपत्ति
समिति ने कहा कि उसका विरोध किसी कलाकार या किसी विशेष क्षेत्र के कलाकार से नहीं है। आपत्ति फूहड़ता, अश्लीलता, गाली-गलौज और ऐसी भाषा को लेकर है, जो उत्तराखंड की सामाजिक व सांस्कृतिक गरिमा को ठेस पहुंचाती है। देशभर के कलाकारों का यहां स्वागत है, लेकिन उनसे उत्तराखंड की जनता, मातृशक्ति और संस्कृति के सम्मान की अपेक्षा है।
समिति ने कहा कि फिलहाल बातचीत का रास्ता अपनाया गया है। भविष्य में किसी कलाकार की ओर से आपत्तिजनक भाषा, अश्लीलता, फूहड़ता या गाली-गलौज दोहराए जाने पर बड़े विरोध की चेतावनी दी गई है।