
'जश्न-ए-उर्दू' के पोस्टर का अंजुमन मुसाफिरखाना में हुआ लॉन्च, 10 नवंबर को हज हाउस में सजेगी उर्दू की महफिल
पोस्टर लॉन्च के साथ 'जश्न-ए-उर्दू' का हुआ आगाज, 10 नवंबर को शायरों, साहित्यकारों और पत्रकारों का होगा सम्मान
'उर्दू हमारी भाषा, पहचान और तहजीब की विरासत', जश्न-ए-उर्दू के पोस्टर का हुआ भव्य विमोचन
रांची : उर्दू भाषा, साहित्य, पत्रकारिता और तहजीब को समर्पित भव्य आयोजन 'जश्न-ए-उर्दू' के पोस्टर एवं विज्ञापन का रविवार को अंजुमन मुसाफिरखाना, मेन रोड, रांची में लॉन्च किया गया। इस मौके पर आयोजकों ने आगामी 10 नवंबर 2026 को हज हाउस, रांची में होने वाले जश्न-ए-उर्दू कार्यक्रम की तैयारियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। सहाफी एसोसिएशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स, रांची के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में उर्दू भाषा एवं साहित्य के विकास, उर्दू पत्रकारिता को प्रोत्साहन देने तथा उर्दू से जुड़े लोगों के बीच आपसी एकजुटता और संवाद को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा। पोस्टर लॉन्च के अवसर पर आयोजकों ने कहा कि 'उर्दू हमारी भाषा, हमारी पहचान और हमारी तहजीब की विरासत है।' इसी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और उर्दू भाषा-साहित्य एवं पत्रकारिता से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से जश्न-ए-उर्दू का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में उर्दू के शायरों, लेखकों, पत्रकारों, रिपोर्टरों तथा उर्दू भाषा से प्रेम रखने वाली विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, जबकि सम्मानित अतिथि के रूप में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन अंसारी और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के शामिल होने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा एनसीपीयूल, नई दिल्ली के निदेशक को विशेष आमंत्रित किया गया है।पोस्टर लॉन्च के दौरान आयोजकों ने सभी सहाफियों (पत्रकारों), साहित्यकारों, शायरों और उर्दू प्रेमियों से 10 नवंबर को हज हाउस में आयोजित होने वाले जश्न-ए-उर्दू में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। आयोजकों ने कहा कि यह आयोजन उर्दू की समृद्ध विरासत, साहित्य और पत्रकारिता को सम्मान देने के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक संवाद को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगा। पोस्टर लॉन्च के मौक़े पर सहाफी एसोसिएशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट के अध्यक्ष शाहीन अहमद, कार्यकारी अध्यक्ष आसिफ नईम, सचिव सैयद रमीज जावेद , नेहा वारसी, गुलाम शाहिद सहित कई पत्रकार मौजूद रहे। इनके अलावा पत्रकार मो नौशाद, मोकर्रम हयात,असफर नवाज़, नकी इमाम रिज़वी,दानिश, आफताब आलम, इमरान, मेराज, अब्दुल गफ्फार, अशरफ अंसारी, एमएम राही, इलियास अंसारी,आमिर, अफरोज, आरिफ, मो आसिफ समेत अन्य लोग भी शामिल हुए।
#urdu #उर्दू
Namkum, Ranchi | Oct 4, 2026