दुग्ध उत्पादों में मिलावट पर खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी तेज
#देवरिया। दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर टीम ने गरुड़पार स्थित राजू पनीर प्रतिष्ठान और बरहज के फूड जंक्शन रेस्टोरेंट से पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। राजू पनीर प्रतिष्ठान में प्रतिबंधित पदार्थ का प्रयोग नहीं मिला, हालांकि साफ-सफाई में सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया।
वहीं, जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के सामने कई खाद्य प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल हो रहे तेल की भी DOM-24 मशीन से जांच की गई। धीरज के प्रतिष्ठान में तेल मानक के अनुरूप नहीं मिला, जिसे मौके पर नष्ट कराया गया। टीम ने कारोबारियों को तेल को बार-बार गर्म कर इस्तेमाल न करने और खाद्य गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जागरूक किया। विभाग ने चेतावनी दी कि मिलावट या प्रतिबंधित पदार्थों का प्रयोग मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
#deorianews #deoriaup52
Barhaj, Deoria | Aug 21, 2026