
पीएम आवास योजना में पात्र गरीबों को लाभ दिलाने की मांग, अधिशासी अधिकारी को सौंपी शिकायत।
वजीरपुर। नगर पालिका क्षेत्र वार्ड नंबर 25 में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत पात्र गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में वार्ड नंबर 25 निवासी हनुमान आकोदिया ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को आवेदन देकर आगामी चरण में मिलने वाले आवासों का लाभ वास्तविक पात्र परिवारों को दिलाने की मांग की है।
आवेदन में बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान बनाने के लिए सहायता उपलब्ध करवाना है। इसके बावजूद वजीरपुर क्षेत्र में गरीब परिवारों को योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। वहीं, कुछ ऐसे व्यक्तियों को भी योजना का लाभ दिए जाने की शिकायत है, जिनके पास पहले से पक्के मकान हैं। इसके अलावा जमीन एवं ट्रैक्टर जैसी संपत्तियां रखने वाले कुछ लोगों की पात्रता की जांच करवाने की मांग भी की गई है।
हनुमान आकोदिया ने आवेदन में अधिशासी अधिकारी से आग्रह किया कि लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता बरती जाए तथा सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार पात्रता की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। जिन व्यक्तियों के पास पहले से पक्के मकान हैं और वे योजना के नियमों के अनुसार अपात्र हैं, उन्हें लाभ देने से रोका जाए।
उन्होंने मांग की कि राजस्थान सरकार से आगामी चरण में प्राप्त होने वाली आवास योजना की सहायता वास्तविक जरूरतमंद एवं पात्र गरीब परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर दिलाई जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकारी सहायता से वंचित नहीं रहे। साथ ही, लाभार्थियों के दस्तावेजों एवं आवासीय स्थिति का सत्यापन करवाकर किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
हनुमान आकोदिया ने अधिशासी अधिकारी से गरीब परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।