जामताड़ा में कांवरियों से मारपीट, वाहनों पर पथराव का आरोप
जामताड़ा: देवघर और बासुकीनाथ धाम में जलाभिषेक कर छत्तीसगढ़ लौट रहे कांवरियों के साथ शुक्रवार देर रात जामताड़ा के चेंगायडीह के पास विवाद के बाद मारपीट और पथराव की घटना सामने आई।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र के कांवरिया दो कारों से घर लौट रहे थे। चेंगायडीह के पास सड़क पर जमा पानी का छींटा एक बाइक सवार पर पड़ने के बाद कहासुनी शुरू हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर करीब 30 से 40 लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और कांवरियों की दोनों कारों को घेर लिया।
आरोप है कि भीड़ ने वाहनों पर पथराव किया और यात्रियों के साथ मारपीट की। घटना के बाद कांवरियों में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही जामताड़ा पुलिस और 112 आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ के बीच फंसे कांवरियों को सुरक्षित बाहर निकालकर थाने पहुंचाया। हालांकि, एक वाहन घटनास्थल पर रह गया, जिसे क्षतिग्रस्त किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों व आरोपों की पुष्टि की जा रही है।
#जामताड़ा #JamtaraNews #कांवरिया #Kanwariya #देवघर #Deoghar #बासुकीनाथ #Basukinath #छत्तीसगढ़ #Chhattisgarh #बिलासपुर #मारपीट #पथराव #JharkhandNews #Jharkhand #BreakingNews #KhabarKiUdaan