
ग्राम पंचायत कुड़ना-सलेटी में गांधी जयंती पर ग्राम सभा आयोजित, 200 से अधिक ग्रामीणों ने लिया भाग
प्रदीप ठाकुर
रक्कड़:2अक्टूबर;ग्राम पंचायत कुड़ना-सलैटी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें 200 से अधिक ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।ग्राम सभा में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक मुद्दों एवं पंचायत के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों को VB-G RAM G योजना के उद्देश्यों और ग्रामीण विकास में इसकी भूमिका से अवगत करवाया गया।
गांधी जयंती के उपलक्ष्य में महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सादगी के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया। इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश सरकार की 'अपना परिवार, सुखी परिवार' योजना के बारे में लोगों को जागरूक किया गया।
सभा में वन संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, बीपीएल सूची के नियमों एवं पात्रता पर भी जानकारी दी गई। साथ ही नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्रीमती मनजीत ने सभी ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना तथा सामूहिक सहयोग से पंचायत का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान श्रीमती मनजीत, उप प्रधान राज कुमार, सचिव प्रदीप कुमार सहित वार्ड पंच एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
Rakkar, Kangra | Oct 3, 2026