
डुमरांव के SDPO पोलस्त कुमार बने ASP, बेहतर पुलिसिंग और जनविश्वास का मिला सम्मान,बधाइयों का लगा तांता
बक्सर । डुमरांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) पोलस्त कुमार को पदोन्नति देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) बनाया गया है। इस संबंध में बुधवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई। हालांकि फिलहाल उनकी तैनाती में कोई बदलाव नहीं किया गया है और वे डुमरांव में ही अपनी सेवाएं देते रहेंगे।
पोलस्त कुमार ने अपने सेवाकाल में बेहतर पुलिसिंग, त्वरित कार्रवाई और पुलिस-पब्लिक मैत्री संबंधों को मजबूत बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के साथ-साथ आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने का भी सफल प्रयास किया। उनके नेतृत्व में हत्या, लूट सहित कई संगीन अपराधों का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर पुलिस की कार्यकुशलता का परिचय दिया गया। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी उनकी भूमिका सराहनीय रही है।
उनकी कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए ही उन्हें पुलिस सेवा में पदोन्नत कर एएसपी बनाया गया है। पुलिस विभाग को उनसे भविष्य में भी प्रभावी और जनहितैषी पुलिसिंग की उम्मीद है।
पदोन्नति की खबर मिलते ही पुलिस महकमे और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल बन गया। डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार समेत कई पुलिस अधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने भी बधाई देते हुए इसे डुमरांव के लिए गौरव का क्षण बताया।
पोलस्त कुमार की यह पदोन्नति उनके उत्कृष्ट सेवा रिकॉर्ड, ईमानदार कार्यशैली और जनता के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण का सम्मान मानी जा रही है। उनके नेतृत्व में डुमरांव में पुलिस और जनता के बीच विश्वास का रिश्ता और अधिक मजबूत हुआ, जिसे उनकी सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है।
Buxar, Buxar | Jul 2, 2026