
सिरसा में धान कटाई का समय तय:शाम 6 से सुबह 10 बजे तक कंबाइन हार्वेस्टिंग पर रोक; टोकन से होगी वाहनों की एंट्री...
खरीफ सीजन 2026-27 में धान की कटाई और सरकारी खरीद को देखते हुए सिरसा प्रशासन ने मंडियों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए एडवाइजरी जारी की है। डीसी शांतनू शर्मा ने धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए कंबाइन हार्वेस्टर से धान की कटाई का समय निर्धारित किया है।
अब शाम 6 बजे से सुबह 10 बजे तक कंबाइन हार्वेस्टर चलाने पर प्रतिबंध रहेगा। कंबाइन से धान की कटाई सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे के बीच ही की जा सकेगी।
प्रशासन के अनुसार देर शाम, रात और सुबह के समय ओस व नमी अधिक होने के कारण कंबाइन से कटाई करने पर धान में नमी निर्धारित सीमा से ज्यादा हो सकती है। इससे धान की सरकारी खरीद, सुखाने, रखरखाव और भंडारण में परेशानी हो सकती है। वर्तमान में सरकारी खरीद के लिए धान में अधिकतम अनुमत नमी की सीमा 17 प्रतिशत है।
आदेश में कहा गया है कि कटाई मौसम और खेत की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर की जाए। किसानों और संबंधित लोगों को अन्य लागू नियमों की भी पालना करनी होगी।
टोकन-गेट पास के आधार पर मिलेगी मंडी में एंट्री
धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों का अनाज मंडियों, खरीद केंद्रों और यार्ड में प्रवेश निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा। किसानों और वाहन चालकों को वैध टोकन या गेट पास के आधार पर ही मंडी में प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए एचएसएएमबी, ई-खरीद और ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ प्रणाली के तहत जारी निर्देशों की पालना करनी होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सार्वजनिक सड़कों, हाईवे, मंडी की संपर्क सड़कों, आपातकालीन रास्तों या मंडी के प्रवेश-निकास मार्ग पर इस तरह खड़ा नहीं किया जा सकेगा, जिससे यातायात बाधित हो।
जाम रोकने के लिए बैरिकेडिंग और डायवर्जन
डीसी ने सिरसा और डबवाली के एसपी तथा संबंधित एसडीएम को मार्केट कमेटियों और अन्य विभागों के साथ समन्वय करने के निर्देश दिए हैं। मंडियों के आसपास यातायात व्यवस्था बनाए रखने और जाम की स्थिति रोकने के लिए जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन और वाहनों के लिए स्टेजिंग क्षेत्र बनाए जा सकेंगे।
Sirsa, Sirsa | Sep 29, 2026