
#सेवा_की_कहानी
गांव की पाठशाला से प्रशासनिक सेवा तक पहुंचा अनिलेश
विपरीत परिस्थितियों में भी लक्ष्य पर अडिग रहे, राज्य सेवा परीक्षा-2023 में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर हुआ चयन
---------------
दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास के बल पर ग्राम गौरी के अनिलेश कुमार मिश्र ने राज्य सेवा परीक्षा-2023 में सफलता हासिल कर मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर चयन प्राप्त किया। ग्रामीण परिवेश से निकलकर प्रशासनिक सेवा तक पहुंचने का उनका सफर संघर्ष और संकल्प की प्रेरणादायी कहानी है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर गौरी से प्राप्त की। हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी की शिक्षा उन्होंने गांव के ही शासकीय श्री रघुनाथाचार्य द्विवेदी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से पूरी की। इसके बाद शासकीय महाविद्यालय मऊगंज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की।
स्नातक के बाद उन्होंने करीब दो वर्षों तक भारतीय डाक विभाग में सेवाएं दीं। इसी दौरान राज्य सेवा में जाने का लक्ष्य तय किया और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी शुरू की। यह सफर आसान नहीं था। प्रतिकूल पारिवारिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण प्रयासों के बावजूद उन्होंने तैयारी जारी रखी और अपने लक्ष्य से विचलित नहीं हुए। अंततः उनकी मेहनत सफल हुई और राज्य सेवा परीक्षा-2023 में उनका चयन मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर हुआ। यह उपलब्धि उनके परिवार और ग्राम गौरी के लिए भी गौरव का विषय बनी।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों को देते हैं। वे कहते हैं, “मेरी सफलता में माता-पिता का आशीर्वाद, शिक्षकों की शिक्षा और संस्कार तथा मित्रों एवं शुभचिंतकों की शुभकामनाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मैं सभी के प्रति हृदय से आभारी हूं।”श्री मिश्र की सफलता ग्रामीण अंचल के उन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बीच प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उनका सफर संदेश देता है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन हों, लक्ष्य के प्रति दृढ़ता और निरंतर प्रयास सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Urban Development & Housing MP
#SevaSankalpAbhiyan
#सेवा_संकल्प_अभियान
#mauganj