
जातरुओं की सेवा में स्वामी विवेकानंद शिक्षण संस्थान ने लगाया भंडारा, प्राथमिक उपचार की भी रही व्यवस्था
आसोप। बाबा रामदेव जी के दर्शन के लिए रामदेवरा की ओर पैदल एवं विभिन्न साधनों से यात्रा कर रहे जातरुओं की सेवा एवं सत्कार के लिए शनिवार को स्वामी विवेकानंद शिक्षण संस्थान, आसोप की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। संस्थान परिसर में आयोजित इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में जातरुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं के लिए चाय पानी बिस्कुट फल फ्रूट सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई।
भंडारे के दौरान संस्थान परिवार की ओर से जातरुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया। यात्रा के दौरान थकान, पैदल चलने से होने वाली तकलीफ अथवा छोटी-मोटी चोट आदि से परेशान जातरुओं के लिए प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी की गई। जरूरतमंद श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाने के साथ उनकी कुशलक्षेम पूछी गई, जिससे सेवा कार्य को मानवीय संवेदना का विशेष स्पर्श मिला।
इस अवसर पर सचिव श्रीयुत हुकम सिंह राठौड़ के मार्गदर्शन में विद्यालय परिवार ने भंडारे एवं सेवा कार्य की विभिन्न व्यवस्थाओं को संभाला। विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए जातरुओं को चाय ठंडा पानी फल फ्रूट परोसने एवं पेयजल उपलब्ध करवाने तथा अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
विवेकानंद विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, आसोप के प्रधानाचार्य रविंद्र सिंह सिसोदिया एवं व्यवस्थापक जीवण राम कड़ेल तथा विवेकानंद रॉयल चिल्ड्रन एकेडमी की प्रधानाचार्या श्रीमती वंदना पाण्डेय, व्यवस्थापक बसंत कुमार टेलर एवं एकेडमिक कॉर्डिनेटर महिपाल सिंह राठौड़ सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों ने सेवा कार्य में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।
संस्थान के विद्यार्थियों ने भी सेवा एवं सहयोग की भावना के साथ जातरुओं की सेवा की। विद्यार्थियों द्वारा भोजन परोसने, पानी पिलाने एवं अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग करते हुए ‘सेवा ही संस्कार है’ की भावना को चरितार्थ किया गया।
भंडारे में पहुंचे जातरुओं ने संस्थान की ओर से की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए सेवा कार्य के लिए विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूरे परिसर में श्रद्धा, सेवा और अपनत्व का वातावरण बना रहा।
संस्थान की ओर से आयोजित यह सेवा कार्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सेवा और मानवीय संवेदना का प्रेरणादायी उदाहरण बना।
Baori, Jodhpur | Sep 12, 2026