
चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को मिली नई मजबूती।
दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
सवाई माधोपुर। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र में विद्युत अवसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य करते हुए 33/11 केवी ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) भेडोला एवं बलरिया पर स्थापित 3.15 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मरों के स्थान पर 5 एमवीए क्षमता के नए पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। इस क्षमता वृद्धि से क्षेत्र के लगभग 4630 कृषि एवं घरेलू उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, विश्वसनीय एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
अधीक्षण अभियंता ऑपरेशन एवं संधारण आरके मीना ने बताया कि बढ़ती विद्युत मांग को देखते हुए दोनों ग्रिड सब-स्टेशनों पर ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई है। इससे ट्रांसफार्मरों पर बढ़ते भार का प्रभावी प्रबंधन होगा, ओवरलोडिंग एवं लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं में कमी आएगी तथा भविष्य की विद्युत आवश्यकताओं की पूर्ति भी अधिक सुगमता से हो सकेगी।
मीना के अनुसार भेडोला जीएसएस से जुड़े झोपड़ा, जगमोड़ा, सिटोटी, सरकुण्ड, शेरसिंहपुरा, आन्दोली, भेडोला, नयागांव, विजयपुर एवं भेडोली सहित आसपास के गांवों के 520 कृषि एवं 1760 घरेलू, कुल 2280 उपभोक्ताओं को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। वहीं 33/11 केवी बलरिया जीएसएस से जुड़े चैनपुरा, बलरिया, गोपालपुरा, रजकाना, रतनपुरा, गणेशगंज, कुम्हरिया, जापेड़ा एवं पावडेरा सहित आसपास के गांवों के 750 कृषि एवं 1600 घरेलू, कुल 2350 उपभोक्ताओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध होगी।
अधीक्षण अभियंता ने कहा कि विद्युत तंत्र के आधुनिकीकरण एवं क्षमता वृद्धि के ऐसे कार्य उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। जयपुर डिस्कॉम भविष्य में भी उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण के कार्य प्राथमिकता के आधार पर जारी रखेगा।