
एक्वा पार्क से मत्स्य उत्पादन और रोजगार को मिलेगी नई उड़ान 31.21 करोड़ की लागत से भोजपुर में बनेगा
अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क मछली पालन के साथ इको टूरिज्म को भी मिलेगा बढ़ावा
भोजपुर जिले के उदवंतनगर प्रखंड की नवादाबेन पंचायत स्थित वाणासुर मत्स्य बीज प्रक्षेत्र में सोमवार को 31.21 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क का शिलान्यास किया गया। 32 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली इस परियोजना में आधुनिक मत्स्य पालन, अनुसंधान, प्रशिक्षण और इको टूरिज्म की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। अधिकारियों के अनुसार एक्वा पार्क में कार्प हैचरी, स्ट्रिप्ड कैटफिश हैचरी, बायो फ्लॉक यूनिट, आरएएस सिस्टम, फीड मिल, जल गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला, रोग निदान केंद्र, प्रशिक्षण परिसर, प्रशासनिक भवन, छात्रावास और अतिथि गृह जैसी सुविधाओं का निर्माण होगा। इससे आधुनिक मत्स्य तकनीकों के प्रदर्शन, मत्स्य उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में मदद मिलेगी। परियोजना के तहत मत्स्य पालन के साथ इको टूरिज्म को भी बढ़ावा देने की योजना है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभुकों एवं मत्स्यपालकों को चाबी और किट भी वितरित की गई। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, मंत्री संजय सिंह टाइगर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।