
अवैध हथियारों के साथ चार आरोपी गिरफ्तार।
दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
सवाईमाधोपुर। बरनाला तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुंदरी में रविवार रात करीब 10 बजे हथियारबंद संदिग्धों की मौजूदगी से गांव में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार दो-तीन मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवक हथियारों के साथ गांव में दिखाई दिए, जिसके बाद पूरे गांव में खबर तेजी से फैल गई। सतर्क ग्रामीणों ने तत्काल नाकेबंदी कर चार संदिग्धों को पकड़ लिया। वहीं, ग्रामीणों के अनुसार पीछे चल रही एक कार में सवार कुछ अन्य लोग मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन को दी। प्रशासन की सूचना पर बाटोदा थाना पुलिस और रामसिंहपुरा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और पकड़े गए संदिग्धों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
बाटोदा थाना प्रभारी भोजराम जाट ने बताया कि सूचना मिलते ही कांस्टेबल खुशीराम, जयसिंह, शीशराम, देवेंद्र एवं अमिनेष की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मुकेश पुत्र रामनिवास मोगिया निवासी मीणा कोलेता थाना बामनवास, महेंद्र पुत्र सुबान बावरिया निवासी खटूंबर थाना लालसोट, महेश पुत्र रूपसिंह मोगिया निवासी नानेटा खेड़ा थाना बामनवास तथा विजेंद्र पुत्र सुभाष उर्फ सुभान बावरिया निवासी शाहजहांपुरा थाना राहुवास को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक टोपीदार बंदूक, बारूद, छर्रे, धातु की गोलियां, दो मोटरसाइकिल तथा अन्य सामग्री बरामद की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।