
बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक रिटायर्ड हिंदू शिक्षक, उनकी पत्नी, बेटी और 12 वर्षीय बेटे के शव बंद घर से बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौतों की वजह का पता लगाया जा रहा है।
घटना रंगपुर के दासपाड़ा यानी मछुआपाड़ा इलाके की है। शनिवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस ने बंद घर में प्रवेश कर चारों के शव बरामद किए। मृतकों की पहचान रंगपुर जिला स्कूल के रिटायर्ड शिक्षक गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती, बेटी आगामी चक्रवर्ती प्रार्थि और 12 वर्षीय बेटे प्रियम चक्रवर्ती के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों के मुताबिक परिवार से गुरुवार के बाद संपर्क नहीं हो पा रहा था। परिवार के चारों मोबाइल फोन भी गुरुवार रात से बंद बताए गए। शनिवार रात जब रिश्तेदार घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा बंद मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और घर खोलकर अंदर तलाशी ली गई।
पुलिस के अनुसार, परिवार के सदस्यों के शव घर के अलग-अलग हिस्सों में मिले। मां और बेटी के शव सीढ़ियों के पास, गणपति चक्रवर्ती का शव छत पर और बेटे प्रियम का शव एक बिस्तर के नीचे मिला।
गणपति चक्रवर्ती पिछले साल 31 दिसंबर को रंगपुर जिला स्कूल से रिटायर हुए थे। इसके बाद वह होम्योपैथिक उपचार का काम कर रहे थे। उनकी बेटी आगामी ने अंग्रेजी में मास्टर्स की पढ़ाई पूरी की थी, जबकि 12 वर्षीय प्रियम पांचवीं कक्षा का छात्र था।
परिजनों ने बताया कि उन्हें परिवार के किसी सदस्य की ओर से कोई स्पष्ट खतरा होने की जानकारी नहीं थी। पुलिस ने अभी मौतों के पीछे की वजह को लेकर अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।
घटना की जांच में रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस के साथ CID और डिटेक्टिव ब्रांच भी जुटी हैं। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
ताजा जांच में पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू की है। पुलिस के मुताबिक हत्या की वजह और घटनाक्रम की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
Gormi, Bhind | Aug 23, 2026