
बेहतरीन कार्य करने वाले बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर किया जाएगा सम्मानित= उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
विशेष गहन पुनरीक्षण
अभियान के निरीक्षण में उपायुक्त पहुंचे बूथों पर, मतदाता सत्यापन कार्य का लिया जायजा
योग्य मतदाताओं के वोट रहेंगे सुरक्षित, अपात्र नाम हटेगे : उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
घर-घर पहुंच रहे बीएलओ, गणना फॉर्म भरवाकर कर रहे ऑनलाइन अपलोड
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सत्यापन कार्य की प्रगति का जायजा लेने के लिए विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड नंबर के अंतर्गत बूथ संख्या 111, 112 और 116 का दौरा कर बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बूथ संख्या 111 के बीएलओ राजेश कुमार, बूथ संख्या 112 के बीएलओ अनुपम तथा बूथ संख्या 116 के बीएलओ विपिन से विस्तारपूर्वक बातचीत कर पूरी प्रक्रिया को ईमानदारी पूर्ण करने की निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर गणना फॉर्म वितरण, मतदाताओं से संपर्क और ऑनलाइन अपलोडिंग प्रक्रिया की जानकारी ली तथा कार्य को पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ संपन्न करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का कार्य सोमवार से प्रारंभ हो चुका है। इसके तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म उपलब्ध करा रहे हैं, उन्हें भरवाकर संबंधित विवरण ऑनलाइन अपलोड भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखा जाएगा, जबकि ऐसे नाम जो निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हैं या किसी अन्य स्थान पर भी दर्ज हैं, उन्हें नियमानुसार हटाया जाएगा। “एक मतदाता का नाम केवल एक ही स्थान की मतदाता सूची में होना चाहिए। निर्वाचन प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के लिए अपात्र नामों को हटाना और पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखना हमारी प्राथमिकता है।
डॉ. वशिष्ठ ने बताया कि अभियान को सफल बनाने में बीएलओ की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इसी को ध्यान में रखते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रत्येक ब्लॉक के पांच-पांच बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और कार्य में और अधिक गुणवत्ता आएगी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त यमुना एंक्लेव क्षेत्र में भी पहुंचे और कई मतदाताओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे बीएलओ का पूरा सहयोग करें, सही जानकारी उपलब्ध कराएं तथा गणना फॉर्म समय पर भरकर दें ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सके।
इस अवसर पर उपायुक्त ने एनएफई कोऑपरेटिव हाउसिंग बिल्डिंग सोसायटी के प्रधान जे.पी. गुप्ता और सचिव सतनाम सिंह भरमी से भी बातचीत की। उन्होंने बीएलओ द्वारा वितरित किए जा रहे फॉर्मों और अभियान की प्रगति के बारे में जानकारी ली। दोनों पदाधिकारियों ने बीएलओ के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ मतदाताओं तक पहुंच रहे हैं तथा अभियान को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
जिला उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहयोग देकर लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम मनदीप कुमार, निर्वाचन तहसीलदार सुरेंद्र, कानूनगो महेंद्र सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।