
बिजली कटों से परेशान किसानों का बिजली विभाग पर फूटा गुस्सा, एसडीओ रतिया को सौंपा ज्ञापन। भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहाँ ने नियमित बिजली आपूर्ति की उठाई मांग, चेतावनी— समाधान नहीं हुआ तो सोमवार से बिजली घर पर होगा शांतिपूर्ण धरना
रतिया, 17 जुलाई। क्षेत्र में लगातार हो रहे बिजली कटों और अनियमित बिजली आपूर्ति से परेशान किसानों ने शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहाँ), हरियाणा इकाई रतिया के नेतृत्व में एसडीओ बिजली विभाग, रतिया को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।
किसानों ने कहा कि इस समय धान, नरमा और अन्य फसलों की सिंचाई का महत्वपूर्ण दौर चल रहा है। ऐसे में बार-बार बिजली कटने और निर्धारित समय पर बिजली न मिलने से खेती प्रभावित हो रही है। यदि समय रहते पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं करवाई गई तो फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
किसान नेताओं ने विभाग से बिना किसी देरी के नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो सोमवार को रतिया बिजली घर के मुख्य गेट पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी।
इस दौरान जिला प्रधान निर्भय रतिया, शहरी प्रधान कर्मजीत सिंह, सचिव गगन भुल्लर, मुंदरी बोला, काला सिंह, गमदूर सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।