
जोधपुर जिले के ओसियां क्षेत्र के सामराऊ गांव की भादू की ढाणी निवासी भारतीय सेना के जवान जयप्रकाश भादू का दिल्ली कैंट स्थित बेस अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही सामराऊ सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर फैल गई।
जयप्रकाश भारतीय सेना की 230 मीडियम रेजिमेंट में गनर (ऑपरेटर) के पद पर तैनात थे। सेना की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अवकाश समाप्त होने के बाद वे अपनी यूनिट में ड्यूटी ज्वाइन करने लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद 3 जून को उन्हें नई दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल से बेस अस्पताल दिल्ली कैंट के आईसीयू में रेफर किया गया।
उपचार के दौरान उनकी हालत में सुधार भी हुआ था और वे बातचीत कर रहे थे, लेकिन 6 जून की देर रात अचानक उन्हें कार्डियक अरेस्ट (हृदयाघात) आया। डॉक्टरों ने सीपीआर सहित सभी जरूरी प्रयास किए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। सुबह करीब 2:15 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सेना की प्रारंभिक रिपोर्ट में दवा की अधिक मात्रा से उत्पन्न रिफ्रैक्टरी वेसोडाइलेटरी शॉक को मृत्यु का कारण बताया गया है।
रविवार को सेना मुख्यालय के निर्देशानुसार जवान का पार्थिव शरीर जोधपुर पहुंचाया गया। इसके बाद पैतृक गांव भादू की ढाणी में पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सेना के अधिकारी और जवान शामिल हुए। सैन्य टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर मातृभूमि के इस वीर सपूत को अंतिम विदाई दी। जवान के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उमड़ रहे हैं।