
बहराइच के नंदा इंस्टीट्यूट में फर्जी डिग्री रैकेट का पर्दाफाश, 200 से अधिक छात्रों से ठगी करने वाला प्रिंसिपल गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के बहराइच से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मेडिकल शिक्षा और डिग्री दिलाने के नाम पर 200 से ज्यादा छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया।
चित्तौरा विकास खंड के ग्राम तैयबाजोत स्थित 'नंदा इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल' के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले शातिर प्रिंसिपल को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
फर्जीवाड़े का यह खेल नंदा इंस्टीट्यूट में लंबे समय से चल रहा था। संस्थान के प्राचार्य सुरेंद्र कुमार सिंह (उर्फ सुरेंद्र राठौर), जो खैरीघाट क्षेत्र के धनावा के निवासी हैं, ने मेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिले और डिग्री देने के नाम पर सैकड़ों छात्र-छात्राओं से लाखों रुपये ऐंठ लिए। जब छात्र अपनी डिग्री मांगते या ठगी का विरोध करते, तो प्रिंसिपल अपना फोन बंद कर फरार हो जाता था।
ठगी के शिकार दर्जनों छात्र-छात्राओं का सब्र का बांध जब टूटा, तो उन्होंने संस्थान के बाहर उग्र विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों के भारी आक्रोश और लिखित शिकायत को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आया।
बहराइच पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को आरोपी प्राचार्य सुरेंद्र कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया और सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस अब संस्थान के खातों और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गहन जांच कर रही है, ताकि ठगी की शिकार हुए छात्रों को न्याय मिल सके।