
*ज्वैलर से करीब 4 किलो चांदी व 5 ग्राम सोना लूट मामले का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल तफ्तीश*
*– चांदपुरा-सिधानी रोड पर तेजधार हथियार के बल पर ज्वैलर से लूट की वारदात का पर्दाफाश*
*– तीन आरोपियों से 3 किलो 490 ग्राम चांदी व 4 ग्राम सोना बरामद*
*– जगसीर उर्फ जस्सी निकला वारदात का मास्टरमाइंड, लवप्रीत व नाबालिग ने दिया था लूट को अंजाम*
जाखल, 4 अक्टूबर। *पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस* के दिशा-निर्देशानुसार चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत थाना जाखल पुलिस ने चांदपुरा-सिधानी रोड पर ज्वैलर से करीब 4 किलोग्राम चांदी व लगभग 5 ग्राम सोना लूटने की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामले में एक नाबालिग को भी शामिल तफ्तीश कर पूछताछ की गई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से अब तक 3 किलो 490 ग्राम चांदी तथा 5 ग्राम सोना बरामद किया है। जिनकी मार्केट कीमत 8 लाख 62 हजार 700 रुपये आंकी गई है।
*प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया खुलासा*
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले की जानकारी देते हुए यातायात डीएसपी श्री जय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगसीर उर्फ जस्सी पुत्र मदनलाल निवासी गांव सिधानी, लवप्रीत पुत्र बलबिन्द्र सिंह निवासी नया गांव हाल पातड़ा, पंजाब तथा दीपक उर्फ काला पुत्र भोला सिंह निवासी गुरुनानकपुरा मोहल्ला, धूरी, पंजाब के रूप में हुई है।
मामले में शामिल नाबालिग को नियमानुसार बाल सुधार गृह भेजा गया है, जबकि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
*ऐसे हुई थी लूट की वारदात*
डीएसपी जय सिंह ने बताया कि गांव चांदपुरा निवासी जश्नप्रीत सिंह की गांव सिधानी में सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान है। 28 सितंबर की शाम वह दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से अपने गांव चांदपुरा जा रहा था।
करीब 6:50 बजे जब वह चांदपुरा-सिधानी रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। दोनों युवकों ने अपने मुंह ढके हुए थे तथा उनके पास तेजधार हथियार था।
आरोपियों ने तेजधार हथियार दिखाकर जश्नप्रीत से काले रंग का बैग छीन लिया। बैग में करीब 4 किलोग्राम चांदी के विभिन्न आभूषण तथा लगभग 5 ग्राम सोने के आभूषण रखे हुए थे।
*शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की कार्रवाई*
मामले की सूचना मिलते ही थाना जाखल प्रभारी निरीक्षक बलराज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए तथा आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
शिकायत के आधार पर थाना जाखल में मुकदमा नंबर 134 दिनांक 01.10.2026 धारा 309(4), 311 व 126(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
*सबसे पहले मास्टरमाइंड जगसीर गिरफ्तार*
पुलिस जांच के दौरान 1 अक्टूबर को आरोपी जगसीर उर्फ जस्सी को काबू किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी जगसीर से उसके हिस्से में आई लूटी गई 1 किलो 626 ग्राम चांदी बरामद की गई।
पूछताछ के बाद दो और आरोपी काबू
जगसीर से की गई पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपी लवप्रीत तथा दीपक उर्फ काला को भी काबू किया। दोनों आरोपियों को 2 अक्टूबर को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी लवप्रीत से 700 ग्राम चांदी तथा 4 ग्राम सोना बरामद किया गया। बरामद सोने में चार कोके तथा एक नथ शामिल है।
वहीं आरोपी दीपक उर्फ काला से 1 किलो 164 ग्राम चांदी बरामद करने में सफलता हासिल की गई।
*इस प्रकार तीनों गिरफ्तार आरोपियों से अब तक कुल 3 किलो 490 ग्राम चांदी तथा 4 ग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।*
*जगसीर था मास्टरमाइंड, पहले से थी ज्वैलर की जानकारी*
डीएसपी जय सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया है कि वारदात की योजना जगसीर उर्फ जस्सी, लवप्रीत तथा नाबालिग ने मिलकर तैयार की थी। वारदात का मास्टरमाइंड जगसीर उर्फ जस्सी था।
आरोपियों को पहले से जानकारी थी कि जश्नप्रीत सोने-चांदी का कारोबार करता है और अक्सर आभूषण लेकर दुकान से आता-जाता है। इसी जानकारी के आधार पर आरोपियों ने लूट की योजना बनाई।
*लवप्रीत व नाबालिग ने दिया वारदात को अंजाम*
योजना के मुताबिक लवप्रीत और नाबालिग मोटरसाइकिल पर सवार होकर ज्वैलर के पीछे लगे और चांदपुरा-सिधानी रोड पर मौका पाकर तेजधार हथियार के बल पर उससे आभूषणों से भरा बैग लूट लिया।
जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद लूटे गए आभूषणों को आपस में बांटा गया। जगसीर और दीपक की भूमिका लूटे गए माल को अपने पास रखने तथा ठिकाने लगाने से संबंधित सामने आई है।
*मामले की जांच जारी*
डीएसपी जय सिंह ने बताया कि मामले में जांच लगातार जारी है। आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, शेष बरामदगी तथा वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में गहनता से जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि फतेहाबाद पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। लूट, स्नैचिंग तथा अन्य संगीन वारदातों में शामिल अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
Uklana, Hissar | Oct 4, 2026