विश्व पर्यावरण दिवस पर बालाजी धाम में हुआ वृहद वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
.
#हरदोई: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को विकासखंड कोथावां स्थित बालाजी धाम प्रांगण में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के संकल्प के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग एवं विकास विभाग के अधिकारियों के साथ ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर वन उपक्षेत्राधिकारी कछौना सुशील कुमार की उपस्थिति में खंड विकास अधिकारी गिरिवर वर्मा, ग्राम पंचायत अध्यक्ष रवींद्र प्रताप सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी राम कुमार, जेई मनरेगा विवेक पांडेय सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए तथा उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया।
वृक्षारोपण के उपरांत उपस्थित अधिकारियों द्वारा क्षेत्रीय वनमाली पंकज अवस्थी को लगाए गए पौधों की सुरक्षा, सिंचाई एवं रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी गई, ताकि पौधे विकसित होकर भविष्य में क्षेत्र को हरित एवं स्वच्छ वातावरण प्रदान कर सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन उपक्षेत्राधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के जीवन चक्र का आधार हैं। वृक्ष न केवल हमें प्राणवायु ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जल संरक्षण, भूमि संरक्षण तथा जैव विविधता को सुरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना और उनकी देखभाल करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
खंड विकास अधिकारी गिरिवर वर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं है, बल्कि यह जनभागीदारी से ही सफल हो सकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
ग्राम पंचायत अध्यक्ष रवींद्र प्रताप सिंह ने भी ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन के अभिन्न अंग हैं और इनके बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना तथा वृक्षारोपण को जन आंदोलन का स्वरूप देना रहा।
"एक पेड़ माँ के नाम, एक पेड़ आने वाली पीढ़ी के नाम" के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
Hardoi, Hardoi | Jun 5, 2026