
गरीब रथ एक्सप्रेस के एसी कोच में महिला को कथित सर्पदंश की आशंका, यात्रियों में दहशत
पलामू: देश में सुरक्षित और आरामदायक रेल यात्रा के दावों के बीच गरीब रथ एक्सप्रेस के एसी कोच में एक महिला को कथित सर्पदंश की आशंका ने रेलवे की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि वातानुकूलित कोच तक जहरीले जीव पहुंच सकते हैं, तो यात्रियों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, शहर थाना क्षेत्र के बैरिया निवासी रिमझिम सिंह 3 जुलाई की रात डाल्टनगंज से नई दिल्ली जाने के लिए गरीब रथ एक्सप्रेस की जी-12 बोगी में सवार हुई थीं। ट्रेन खुलने के लगभग 15 मिनट बाद उन्हें तेज पसीना आने लगा, घबराहट महसूस हुई और पैर में असहनीय दर्द शुरू हो गया।
रिमझिम ने अपने पैर पर बने दो दांत जैसे निशानों की तस्वीर अपने भाई को भेजी। तस्वीर देखने के बाद चिकित्सक ने सर्पदंश की आशंका जताई। इसके बाद उन्होंने तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 पर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे के डॉक्टर और टीटीई ने उनकी जांच की।
प्राथमिक जांच में रेलवे चिकित्सक ने भी सर्पदंश की आशंका व्यक्त की। इसके बाद गढ़वा रोड जंक्शन पर महिला और उनके बच्चों को ट्रेन से उतारकर सदर अस्पताल भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
हालांकि, अभी तक यह आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है कि महिला को वास्तव में सांप ने ही काटा था। मामले की जांच जारी है।
#पलामू #indianrailway
Kanke, Ranchi | Jul 10, 2026