
जरूरतमंद सरकारी स्कूल में कुर्सियां उपलब्ध करवाएगा रोटरी क्लब
पंचकूला। रोटरी क्लब ऑफ ट्राइसिटी पंचकूला के सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक सेक्टर-3 स्थित देवीनगर के होटल गोल्फ व्यू में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्लब के प्रधान रोटेरियन दिनेश बंसल ने की। बैठक के दौरान क्लब की आगामी गतिविधियों, सामाजिक सेवा प्रकल्पों और सदस्यता विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत में सार्जेंट एट आर्म्स अशोक अग्रवाल, क्लब के वरिष्ठ सदस्य दिनेश गुप्ता तथा हेमंत जिंदल ने क्लब प्रधान दिनेश बंसल को कॉलर पहनाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने आगामी सामाजिक कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर के एक जरूरतमंद सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों की आवश्यकता को देखते हुए क्लब की ओर से आवश्यक संख्या में कुर्सियां उपलब्ध करवाई जाएंगी। सदस्यों ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में जरूरतमंद विद्यार्थियों को सुविधाएं उपलब्ध करवाना क्लब की प्राथमिकताओं में शामिल है और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखे जाएंगे।
बैठक में क्लब की सदस्यता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रधान दिनेश बंसल ने सदस्यों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक समाजसेवी एवं सेवा भावना रखने वाले लोगों को रोटरी से जोड़ने का प्रयास करें। इस उद्देश्य को लेकर सभी सदस्यों को नए सदस्य जोड़ने की जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। सदस्यों ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से क्लब की सदस्य संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा इसके माध्यम से समाजसेवा के कार्यों का दायरा भी बढ़ेगा।
इसके अलावा बैठक में सितंबर माह में क्लब की इंस्टालेशन सेरेमनी आयोजित करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम की संभावित तिथि, स्थान और आयोजन की रूपरेखा पर आगामी बैठक में अंतिम निर्णय लेने पर सहमति बनी।
बैठक के दौरान क्लब के सदस्यों ने कहा कि रोटरी का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाना है। शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सामाजिक क्षेत्रों में सेवा प्रकल्पों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। बैठक में क्लब की आगामी गतिविधियों को लेकर सदस्यों ने अपने सुझाव भी रखे और सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाया।
इस मीटिंग में प्रधान दिनेश बंसल, धर्मपाल सिंगला, दिनेश गुप्ता, शिरीष सोनी, अमरजीत सिंह, सीए नरेश सिंगला, पवन बंसल, डा मनोज कुमार, अशोक अग्रवाल, हेमंत जिंदल, शिवम भंडारी, सतीश मंगला आदि सदस्य उपस्थित रहे।