सिमडेगा:- मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शंख नदी के पास आज ऑटो पलटने से एक युवती की मौत हो गई। मृतका की पहचान बकरीकोना निवासी दीपिका कुजूर के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, दीपिका कुजूर अपनी मां के साथ सिमडेगा के मतरामेता में आयोजित प्रार्थना सभा में शामिल होने गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह अपनी मां और अन्य लोगों के साथ ऑटो से वापस अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान शंख नदी के पास अचानक ऑटो एवं पिकप में टक्कर हुई एवं ऑटो असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया।हादसे में दीपिका कुजूर गंभीर रूप से घायल होकर बेसुध हो गई। वहीं ऑटो में सवार अन्य लोगों को भी चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद दीपिका कुजूर को मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद पुलिस ने युवती के शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं हादसे में घायल अन्य लोगों का सदर अस्पताल में इलाज जारी है।