
झारखंड में बढ़ने लगी ठंड, तीन दिन में 3 डिग्री तक गिरेगा तापमान
राॅंची। झारखंड में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास बढ़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, राॅंची के अनुसार, अगले तीन दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे सुबह और रात में ठंड बढ़ेगी।
रविवार सुबह राजधानी राॅंची समेत राज्य के कई इलाकों में हल्का कुहासा छाया रहा। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल राज्य में मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। रविवार को आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
पिछले कुछ दिनों से राॅंची में रुक-रुककर बारिश हो रही है। शनिवार शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई थी, जबकि शुक्रवार को भी राजधानी में बारिश हुई थी। इसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को राॅंची का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले दो से तीन दिनों तक सुबह हल्का कुहासा रहने की संभावना है। ऐसे में सुबह और शाम घर से निकलने वाले लोगों को हल्की ठंड का सामना करना पड़ सकता है।