
दो भाई, एक सपना: नीरज और हरीश ने साथ-साथ हासिल की भारतीय सेना में सफलता
बागेश्वर: कहते हैं कि मेहनत, लगन और आपसी सहयोग से हर मंजिल हासिल की जा सकती है। इसकी मिसाल पेश की है जनपद बागेश्वर की शामा उप तहसील के लीती गांव निवासी दो सगे भाइयों नीरज कोरंगा और हरीश कोरंगा ने।
दोनों भाइयों की कहानी बचपन से ही प्रेरणादायक रही है। कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक दोनों ने साथ पढ़ाई की। पढ़ाई में दोनों इतने प्रतिभाशाली थे कि अक्सर एक भाई प्रथम स्थान प्राप्त करता तो दूसरा द्वितीय स्थान पर रहता। दोनों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा हमेशा बनी रही, जिसने उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
12वीं उत्तीर्ण करने के बाद दोनों भाइयों ने एनसीसी का 'सी' सर्टिफिकेट प्राप्त करने के लिए कॉलेज में प्रवेश लिया और साथ ही भारतीय सेना में भर्ती की तैयारी भी शुरू कर दी। कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प का परिणाम यह रहा कि दोनों भाई पहली ही कोशिश में भारतीय सेना के लिए चयनित हो गए।
रानीखेत सोमनाथ मैदान में देश सेवा की शपथ लेने के बाद अब दोनों भाई भारतीय सेना का हिस्सा बनकर राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं। उनकी सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
नीरज और हरीश के पिता चंदन सिंह कोरंगा टैक्सी चालक हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने बेटों को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के लिए हमेशा प्रेरित किया। आज दोनों बेटों की उपलब्धि ने परिवार का नाम रोशन कर दिया है।
गांव और क्षेत्र के लोगों ने दोनों भाइयों की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
#viral #bageswar #news #top #tranding #pahad