
आज दिनांक 06.08.2026 को रेल थाना आरा के थानाध्यक्ष श्री रणधीर कुमार एवं आरपीएफ पोस्ट आरा के निरीक्षक प्रभारी श्री दीपक कुमार के नेतृत्व में रेल यात्रियों के सामान की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे संयुक्त गश्त एवं सघन जांच अभियान के दौरान आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 02/03 के पूर्वी छोर से चार संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान संतोषजनक उत्तर नहीं देने पर की गई गहन पूछताछ में चारों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में कार्य करते हैं तथा आपस में मिलकर रेल यात्रियों के सामान एवं कीमती वस्तुओं की चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। विधिसम्मत तलाशी के क्रम में (1) इरशाद उर्फ इशरार खान, निवासी नया भोजपुर, जिला बक्सर के कब्जे से एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। वह पूर्व में भी रेल यात्रियों से चोरी के तीन मामलों में जेल जा चुका है। (2) गुड्डू कुमार, निवासी सहार तेलपा, थाना करपी, जिला अरवल के कब्जे से एक चोरी का मोबाइल फोन, (3) शिवा कुमार, निवासी मौलाबाग, वार्ड संख्या-13, जिला भोजपुर के कब्जे से चार चांदी के लॉकेट, एक सोने का लॉकेट एवं एक ब्लेड तथा (4) अंकुर कुमार, निवासी ग्राम कुसमाही, थाना चरपोखरी, जिला भोजपुर के कब्जे से एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद सामान के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि चारों आरोपी संगठित रूप से रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध रेल थाना आरा में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। रेल यात्रियों की सुरक्षा एवं अपराधियों के विरुद्ध आरपीएफ एवं जीआरपी का संयुक्त अभियान आगे भी लगातार प्रभावी रूप से जारी रहेगा।
Arrah, Bhojpur | Aug 6, 2026