
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ एक बार फिर हिंदुत्व वाली राजनीति पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को घेरते नजर आए। दरअसल, दोनों की पार्टियां राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे पर इन दिनों खासी मुखर हैं। ऐसे में हिंदुत्व की पिच पर सीएम योगी आदित्यनाथ लगातार विपक्ष को घेरते दिख रहे हैं। सीएम योगी ने शनिवार की शाम गोरखपुर के कार्यक्रम में सपा-कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा का इतिहास रामभक्तों के खून से सना हुआ है। वहीं, कांग्रेस ने भगवान राम और कृष्ण को मिथक और काल्पनिक साबित करने का प्रयास किया था। सीएम ने कहा कि कांग्रेस और सपा जाति के नाम पर समाज को बांटने की साजिश रचकर विकास प्रक्रिया को बाधित करती हैं। उन्होंने कहा कि इनसे आम लोगों को सतर्क रहना होगा। कांग्रेस पर हमलावर रुख अपनाते हुए सीएम योगी ने कहा कि पार्टी शुरू से ही हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ करती रही है। सोमनाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में जब तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद को बुलाया गया, तब भी इसका विरोध कांग्रेस ने ही किया था। सीएम योगी ने सपा पर भी जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा के बारे में तो कहना ही क्या, सपा का इतिहास रामभक्तों के खून से सना है।
सीएम ने कहा कि कांग्रेस और सपा की सरकारों ने भारत की आस्था को अपमानित किया है। उनकी सरकारों में दंगे होते थे। पर्व-त्योहार प्रतिबंधित किए जाते थे। कांवड़ यात्रा रोकी जाती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आज जब भाजपा की डबल इंजन सरकार विरासत के संरक्षण और विकास के विजन के साथ आगे बढ़ रही है। इसे कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पचा नहीं पा रही हैं।