
भरवारा में बिजली व्यवस्था बदहाल: लकड़ी और सूखे पेड़ों के सहारे टिकी केबलें, ग्रामीणों में आक्रोश
पन्ना जिले के रैपुरा विद्युत वितरण केंद्र अंतर्गत आने वाले ग्राम भरवारा के जिमीदार मुहल्ला में बिजली व्यवस्था की बदहाली ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। यहां बिजली की केबलें लकड़ी के दंडों और जर्जर पेड़ों के सहारे टिकी हुई हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है। कई स्थानों पर बिजली के तार झूलते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ जगहों पर तार टूटकर नीचे लटक रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि महीनों से बनी हुई है। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार संबंधित कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। विभाग की उदासीनता के चलते आज हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोगों को दूर-दूर से डोरी खींचकर अपने घरों तक बिजली पहुंचानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि हल्की हवा या बारिश होते ही बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि नीचे लटकते तार बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। ग्रामीणों का साफ कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
एक स्थानीय निवासी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि शायद विभाग तब तक नहीं जागेगा, जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं हो जाता। वहीं क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द जर्जर तारों को हटाकर स्थायी समाधान किया जाए।
इस मामले में जब रैपुरा प्रभारी अधिकारी सत्यम सोनी से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है और जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।
#PannaNews #Raipura #Bharwara #ElectricityProblem #BreakingNews #GroundReport #ElectricityDepartment #PublicIssue #MPNews #RuralNews #जनसमस्या #बिजली_समस्या #पन्ना_समाचार