
देवास में पशु चोर गिरोह का भंडाफोड़, सरगना समेत 5 गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, ब्रेजा कार, दो मोबाइल और 12 बोर का कट्टा जब्त; इंदौर के जरिए बेचते थे चोरी के पशु
टाइम्स एमपी | देवास। ग्रामीण क्षेत्रों में गोवंश और बकरा-बकरी चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले संगठित गिरोह का कन्नौद पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कथित सरगना यूसुफ उर्फ यूसुफ लाला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12 बोर का देशी कट्टा, वारदातों में इस्तेमाल ब्रेजा कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह चोरी के पशुओं को इंदौर निवासी जावेद लाला के माध्यम से बिकवाता था। मामले में अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।
सीसीटीवी से मिली अहम कड़ी
ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही पशु चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए थे। इसके बाद एएसपी ग्रामीण सौम्या जैन के मार्गदर्शन और एसडीओपी कन्नौद आदित्य तिवारी के निर्देशन में पुलिस ने जांच तेज की। ऑपरेशन त्रिनेत्रम् के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और मुखबिर तंत्र के जरिए संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई। जांच में यूसुफ उर्फ यूसुफ लाला और उसके इंदौर निवासी साथियों की भूमिका सामने आई।
पानीगांव रोड पर घेराबंदी, सरगना पकड़ाया
पुलिस ने सूचना के आधार पर पानीगांव रोड पर घेराबंदी की। इस दौरान भागने का प्रयास कर रहे यूसुफ को दबोच लिया गया। तलाशी में उसके पास से 12 बोर का देशी कट्टा मिला। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने इंदौर निवासी मोहसीन खान उर्फ गालू, अशरफ खान कुरैशी, मुख्तियार और आकिब उर्फ अक्कू कुरैशी को भी गिरफ्तार कर लिया।
चोरी के पशु इंदौर में बिकवाने का खुलासा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने ग्रामीण क्षेत्रों से गोवंश और बकरा-बकरी चोरी कर इंदौर निवासी जावेद लाला के जरिए बेचने की जानकारी दी। आरोपियों की निशानदेही पर वारदातों में प्रयुक्त मारुति विटारा ब्रेजा कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। जांच में आरोपियों के पूर्व में भी इस तरह की वारदातों में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने प्रकरण में संगठित अपराध से संबंधित धारा बढ़ाई है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
ये आरोपी गिरफ्तार
यूसुफ उर्फ यूसुफ लाला (42), निवासी पानीगांव, जिला देवास; मोहसीन खान उर्फ गालू (30), अशरफ खान कुरैशी (30), मुख्तियार (42) और आकिब उर्फ अक्कू कुरैशी (32), सभी निवासी इंदौर।
इनकी रही भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी तहजीब काजी, उपनिरीक्षक दीपक भोंडे, प्रधान आरक्षक धन्नालाल चौरे तथा आरक्षक योगेन्द्र सिंह और राजेन्द्र सिंह शामिल रहे।