
बिसाऊ। व्यापारियान समाज की आजादी से पूर्व वर्ष 1937 में गठित सामाजिक संस्था अंजुमन जमीअतुल कुरैश की वार्षिक आमसभा बुधवार सुबह जमीअतुल कुरैश शादी भवन में हाजी हकीम नानू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। सभा में बिसाऊ सहित देश के विभिन्न शहरों में रहने वाले प्रवासी समाजबंधुओं ने भाग लिया।
आमसभा में सर्वसम्मति से निवर्तमान सदर मोहम्मद अली सय्यद को पुनः सदर, निवर्तमान सेक्रेटरी मोहम्मद यूसुफ तंवर को सेक्रेटरी तथा अब्दुल माजिद को खजांची चुना गया। इस दौरान समाजबंधुओं ने वर्तमान कार्यकारिणी की ओर से पिछले पांच वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और समाज सुधार के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए पदाधिकारियों पर पुनः विश्वास जताया।
नवनिर्वाचित सदर मोहम्मद अली सय्यद ने समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में बालकों एवं बालिकाओं के लिए अलग-अलग कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इसके साथ ही समाज के लिए पेयजल सुविधा, शादी हॉल और टेंट हाउस की सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि आगामी वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं, युवाओं के कौशल विकास और समाज सुधार के क्षेत्र में विशेष रूप से कार्य किया जाएगा।
गौरतलब है कि करीब नौ दशक पुरानी अंजुमन जमीअतुल कुरैश शेखावाटी क्षेत्र की प्रमुख सामाजिक संस्थाओं में शामिल है। संस्था की शाखाएं वापी, मुंबई सहित देश के विभिन्न प्रमुख शहरों में संचालित हैं, जहां बिसाऊ मूल के व्यापारियान समाज के लोग निवास करते हैं। संस्था की ओर से प्रतिवर्ष बिसाऊ में वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया जाता है, जिसमें वर्षभर के कार्यों का लेखा-जोखा समाज के समक्ष प्रस्तुत किया जाता है।
संस्था में पहले प्रत्येक तीन वर्ष में पदाधिकारियों के चुनाव होते थे, लेकिन अब पांच वर्ष के कार्यकाल के लिए पदाधिकारियों का चयन किया जाता है। अधिवेशन में बिसाऊ सहित विभिन्न शहरों में रहने वाले समाजबंधु उपस्थित रहे।
#tharkiawaazajay #bissau #AlQuresh #society #minority
Churu, Churu | Nov 11, 2026